कीर्तिनगर ब्लाक के मढी चौरास में स्व. इंद्रमणी जन सेवा संस्था के उद्यमिता प्रशिक्षण प्रसार केंद्र का शुभारंभ करते हुए भारत सरकार के पूर्व सचिव डा. कमल टावरी ने कहा कि बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। अब स्वयं के संसाधनों से स्वरोजगार की ओर बढ़ना ही एक मात्र विकल्प रह गया है।
बृहस्पतिवार को आयोजित स्व. इंद्रमणी जन सेवा संस्था के उद्यमिता प्रशिक्षण केंद्र की संरक्षक दीना भट्ट व संचालक जयकृष्ण भट्ट ने प्रशिक्षण केंद्र के कार्यों और योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र में लघु उद्योग पर आधारित मशीनें स्थापित की जा रही है। मशीनों पर काम करने के लिए लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद वह अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र की संरक्षक व संचालक की योजना का स्वागत करते हुए कहा कि स्वरोजगार की दिशा में यह एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी कदम है, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार शुरू करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर इंडो यूरोपियन स्याल इंडस्ट्री इंटरप्राइजेज के अध्यक्ष विजय तिवाड़ी, हिमालय एडवेंचर इंस्टीट्यूट के निदेशक व पूर्व डीआईजी एसपी चमोली, मानव विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विद्या सिंह चौहान, डा. अरविंद दरमोड़ा, शैलेश मलासी, आदित्य घिल्डियाल, सूरज भंडारी, आरती देवी, उमा देवी व कार्यक्रम संचालक प्रो. वीजे सिंह ने भी विचार रखे।