मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान को बंद किए जाने पर सामाजिक संगठन नागरिक कल्याण मंच ने आंदोलन की चेतावनी दी है। मंच ने संस्थान के यथावत संचालन की मांग की है।
नागरिक कल्याण मंच के पदाधिकारियों ने एसडीएम सदर के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। मंच का कहना है कि मुख्यालय पौड़ी में कई वर्षों से राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान संचालित हो रहा है। इसमें मौजूदा समय में पचास प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कहा कि इन दिनों प्रशिक्षुओं से राज्य के अन्य पॉलीटेक्निक संस्थान में प्रशिक्षण के लिए विकल्प मांगे जा रहे हैं। मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने कहा कि विकल्प मांगे जाने से साफ होता है कि पॉलीटेक्निक संस्थान को बंद करने की प्रक्रिया गतिमान है। जो ठीक नहीं है। कहा कि संस्थान बंद होता है तो यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय होगा, बल्कि गरीब छात्रों के साथ भी अन्याय होगा। मंच के महासचिव केदार सिंह गुसाई ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान को बंद किया गया, तो जन आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर त्रिलोक सिंह, भगवान सिंह, मनवर सिंह, सत्य प्रकाश आदि शामिल रहे।