पौड़ी। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में चल रही आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यशाला का बुधवार को समापन हो गया। छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रशिक्षकों की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉक ड्रिल कराई। आपदा प्रबंधन विभाग पौड़ी के प्रशिक्षक किशन सिंह पंवार एवं विनोद सिंह नेगी ने बताया कि छात्रों ने उत्साहपूर्वक मॉकड्रिल में भाग लिया और सीखे गए कौशलों का अभ्यास किया। जीजीआईसी परसुंडाखाल के पूर्व प्रधानाचार्य बिमल नेगी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाज हित में अत्यंत सराहनीय कार्य करती है। इस दौरान आपदा प्रभावित परिवारों को रेडक्रॉस सोसाइटी ने कंबल, किचन सेट और तिरपाल बांटे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव केसर सिंह असवाल, सदस्य जसपाल सिंह रावत, दीपक खनसूली और प्रधानाचार्या रेनू नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगा पवन
पाबौ। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौरखाल के पांचवीं कक्षा के छात्र पवन जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में प्रतिभाग करेंगे। पवन ने इससे पहले पाबौ ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया था और अब जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। शिक्षक डॉ. अतुल बमराड़ा ने बताया कि पवन ने दिन-रात कठिन मेहनत की है। प्रधानाध्यापिका नंदा रावत ने कहा कि खेलों में बच्चों की भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। संवाद