बाजार में चोरों ने मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये से अधिक के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरों ने चोपड़ियूं में भी दो दुकानों के ताले तोड़ डाले।
इस मामले में राजस्व पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पाबौ गांव निवासी आशीष कोठियाल की पाबौ बाजार के स्टेशन पर मोबाइल की दुकान है। आशीष को चोरी का पता सुबह दुकान पर आने पर चला।
आशीष कोठियाल ने बताया कि चोर दुकान से 3,37,887 रुपये के मोबाइल और अन्य सामान साफ कर ले गए हैं।
उन्होंने राजस्व पुलिस को तहरीर देकर चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।
नायब तहसीलदार आशीष घिल्डियाल ने बताया पाबौ बाजार में हुई चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर आशीष का कहना है कि उसने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर दुकान खोली है। उन्होंने पुलिस से चोरों का शीघ्र पता लगाने की मांग की है।