जम्मू। किसानों की आय दोगुनी करने पर अधिकारी काम करे। यह निर्देश किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव नवीन के चौधरी ने स्कास्ट जे में हुई बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से किसान खेती करे। इससे आत्मनिर्भर भारत योजना सफल हो पाएगी।
चौधरी ने मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और पैकेजिंग को लोकप्रिय बनाने के लिए आत्मा निर्भर भारत योजना के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने जम्मू क्षेत्र में फार्म गेट सुविधाओं को विकसित करने के लिए आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत परियोजनाओं को प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने डायरेक्टर एग्रीकल्चर जम्मू को उद्यमियों को प्रेरित करने और उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए स्वयं सहायता समूहों को मार्केट प्रदान करने को भी कहा।
उन्होंने फलों और सब्जियों के कोल्ड स्टोरेज की व्यवहार्यता में सुधार पर जोर दिया और क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के प्रदर्शन के लिए 250 पंचायतों के चयन का सुझाव दिया। उन्होंने बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने को कहा। इस दौरान स्कास्ट के वीसी प्रोफेसर जेपी शर्मा भी मौजूद रहे।