जम्मू। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में सियासी लोगाें की सलाहकार परिषद गठन की कवायद से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश से लेकर नई दिल्ली तक अंदर खाते मंथन के बीच अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की खबर है। हालांकि इसे लेकर किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार सलाहकार परिषद के सिलसिले में ही अल्ताफ बुखारी जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिल सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस पूरी कवायद में उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू व कुछ सियासी दलों को विश्वास में लेकर चर्चा की जा रही है। अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी को नए घटनाक्रम में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दो महीने से दिल्ली में मौजूद अल्ताफ बुखारी से संपर्क नहीं किया जा सका। वहीं, भाजपा से पूर्व मंत्री सुनील शर्मा को अहम जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। सुनील शर्मा प्रदेश भाजपा के महासचिव भी हैं, लेकिन काफी अर्से से प्रदेश मुख्यालय में नजर नहीं आ रहे। सलाहकार परिषद के गठन के सवाल पर सुनील शर्मा ने कहा कि वह लॉकडाउन के चलते पिछले दो महीने से किश्तवाड़ में ही फंसे हुए हैं। सोशल मीडिया से उन्हें भी राजनीतिक सलाहकार परिषद के जल्द गठन की सूचनाएं मिल रही हैं, लेकिन उनके साथ अभी तक केंद्र या किसी अन्य के माध्यम से कोई बातचीत नहीं की गई है। उधर, सूत्रों ने बताया कि राजनीतिक सलाहकार परिषद का गठन कर इसके सदस्यों को कैबिनेट मंत्री जैसे अधिकार सौंपे जा सकते हैं। एक तरह से यह कदम सरकार में जनता के नुमाइंदों को शामिल करने पर केंद्रित है।