राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में आगामी शिक्षण सत्र 2020-21 से पैरामेडिकल कोर्स शुरू हो जाएगा। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने संस्थान को कोर्स शुरू करने के लिए एनओसी (अनापत्ति पत्र) दे दी है। फिलहाल कॉलेज में स्नातक स्तर पर तीन कोर्स संचालित होंगे। सभी में 30-30 सीट निर्धारित की गई हैं। इसके लिए संस्थान ने तैयारियां कर दी हैं।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में पिछले चार साल से पैरामेडिकल कोर्स संचालित करने की कवायद चल रही है। प्रदेश शासन ने वर्ष 2018 में यहां पैरामेडिकल कोर्स चलाने की अनुमति दे दी थी, लेकिन कुछ तकनीकी अड़चनों और पैरामेडिकल काउंसिल संबंधी प्रक्रिया पूरी न होने की वजह से मामला लगभग डेढ़ साल डेढ़ साल तक अटका रहा। छह माह पूर्व कॉलेज प्रशासन ने काउंसिल के साथ इस संबंध में पत्राचार किया। काउंसिल के संतुष्ट होने पर संस्थान ने तीन कोर्स का शुल्क जमा करा दिया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि 10 जून को चिकित्सा शिक्षा विवि ने भी कोर्स संचालन के लिए दे दी है। उन्होंने बताया कि काउंसिल की ओर से कॉलेज में उपलब्ध संसाधन और फैकल्टी का ब्योरा मांगा था, जिससे काउंसिल संतुष्ट है। विवि और काउंसिल में फीस जमा करा दी गई है। उन्होंने बताया कि पहाड़ में सरकारी पैरामेडिकल संस्थान होने से यहां के बच्चों को मेडिकल तकनीशियन के कोर्स के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
-- यह कोर्स होंगे संचालित
बीएमएलटी (बैचलर ऑफ मेडिकल लैब तकनीकि), बीएमआरआईटी (बीएससी इन मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग तकनीकि) और बीओटीटी(बीएससी इन ऑपरेशन थियेटर तकनीकि)।