तहसील क्षेत्रांतर्गत डोबरी गांव में एक बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन ने गांव को कंटेंटमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। लक्षण नहीं दिखाई देने पर बुजुर्ग को एक हफ्ते में ही घर भेज दिया गया था। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन हरकत में आया, जिसके बाद बुजुर्ग के संपर्क में आए 17 लोगों को देवप्रयाग स्थित एक होटल में क्वारंटीन कर किया गया है।
डोबरी गांव के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग एक जून को दिल्ली से गांव लौटे थे। उन्हें बछेलीखाल स्थित एक स्कूल में संस्थागत क्वांरटीन किया गया था। 4 जून को बुजुर्ग का सैंपल लिया गया, लेकिन कोई लक्षण न दिखाई देने पर उन्हें एक सप्ताह बाद 8 जून को घर भेज दिया गया। बृहस्पतिवार को बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल बुजुर्ग को टिहरी स्थित आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। इसके अलावा बुजुर्ग के संपर्क में आए लोगों को देवप्रयाग स्थित एक होटल में क्वांरटीन कर दिया गया। एसडीएम कीर्तिनगर अजयवीर सिंह ने बताया कि बुजुर्ग में पहले कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए। इसी आधार पर उन्हें घर भेजा दिया गया था। इस दौरान वह कुछ लोगों के संपर्क में आए। जबकि कुछ लोग अप्रत्यक्ष रुप से संपर्क में आ गए। एसडीएम ने बताया कि फिलहाल 17 लोगों को देवप्रयाग में रखा गया है। वहीं थाना प्रभारी देवप्रयाग महिपाल रावत ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश के बाद गांव के संपर्क मार्ग बंद कर दिए गए हैं। साथ ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी को भी गांव से बाहर आने या जाने की अनुमति नहीं है।