श्रीनगर। द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी (एलयूसीसी) में धोखाधड़ी का शिकार हुई महिला एजेंटों का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। महिलाओं ने एलयूसीसी के संचालकों के खिलाफ नारेबाजी कर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। धरना स्थल पर महिलाओं को समर्थन देने के दौरान नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने केंद्र सरकार से दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान महिला एजेंटों ने कहा कि कई लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई एलयूसीसी में जमा कराई थी। शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद निवेशकों का पैसा वापस नहीं मिल रहा है और न ही दोषियों पर कार्रवाई हो रही है। महिलाओं ने कहा कि निवेशकों का पैसा वापस नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। धरना देने वालों में सुमन गोस्वामी, बीना रावत, उर्मिला पंवार, सरस्वती देवी, रेखा गोस्वामी, प्रभा देवी, जानकी देवी आदि शामिल रहीं। संवाद