उप जिला अस्पताल श्रीनगर में 25 प्रतिशत तक बढ़े वायरल फीवर के मरीज
श्रीनगर। बदलते मौसम के साथ बीमारियों का ग्राफ भी बढ़ रहा है। उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में सामान्य दिनों की अपेक्षा 25 प्रतिशत से अधिक वायरल फीवर से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक की मानें तो बीमारियों से बचने के लिए सावधान रहने की जरूरत है।
इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप से तापमान बढ़ रहा है तो कभी अचानक बादल छाने और बारिश होने से तापमान गिर रहा है। इससे लोग खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में सामान्य दिनों में ओपीडी 40-70 के बीच रहती थी, लेकिन इन दिनों यह बढ़कर 50-100 तक पहुंच गई है।
चिकित्सक की मानें तो घट-बढ़ रहे तापमान के दौरान लोग भी सावधानी नहीं बरत रहे हैं। मौसम गर्म होते ही लोग अचानक गर्म कपड़े पहनना बंद कर देते हैं, लेकिन फिर से ठंड होने पर गर्म कपड़े पहनने से बचते हैं। सुबह-शाम को ठंड के दौरान सिर पर टोपी भी नहीं लगा रहे हैं।
अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. लोकेश सलूजा ने बताया कि बदलते मौसम में बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतनी जरूरी है। लोगों को गर्म कपड़े पहनना एकदम बंद नहीं करना चाहिए। इसके अलावा हल्का खाना खाने के साथ साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। तला-भुना और फास्ट फूड खाने से परहेज करना चाहिए।