पौड़ी। विकासखंड के मासों तल्ला गांव में सुबह गुलदार के मुर्गी बाड़े में घुसने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने गुलदार को बाड़े में ही कैद कर लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पौड़ी रेंज कार्यायल पहुंचाया। डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे गुलदार गांव निवासी अर्जुन सिंह के मुर्गे के बाड़ा में घुस गया। टीम ने करीब एक घंटे का रेस्क्यू किया लेकिन वह काबू में नहीं आया जिसके बाद विभाग को ट्रेंकुलाइज करना पड़ा। टीम गुलदार को सुरक्षित पौड़ी रेंज लाई जहां से उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। बताया कि गुलदार एक साल की मादा शावक है। संवाद
डायलिसिस मशीनों व कर्मचारियों को बढ़ाने की मांग उठाई
पौड़ी। नगर क्षेत्रवासी व सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरशाली व विकास चौहान ने जिला अस्पताल स्थित डायलिसिस यूनिट में मशीनों व कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन दिया। बताया कि पौड़ी व आस पास के क्षेत्र में आए दिन किडनी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है जबकि यूनिट में डायलिसिस मशीनें महज दो या तीन हैं। यूनिट में कर्मचारियों की कमी के चलते डायलिसिस महज दो ही शिफ्ट में किया जा रहा है। पैडुलस्यूं के गहड़ गांव निवासी 12 साल की संध्या नेगी को कीडनी की दिक्कत हैं। आर्थिक स्थिति तंग होने के चलते परिजन अन्य अस्पतालों में उपचार को असमर्थ हैं जबकि जिला अस्पताल में डायलिसिस के लिए शिफ्ट नहीं मिल पा रही है। उन्होंने डीएम से मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाइ की मांग उठाई है। संवाद
पूर्व शिक्षा मंत्री के स्मारक निर्माण को ग्रामीणों ने दिया धरना
पाबौ। विकासखंड के सैंजी गांव निवासी पूर्व शिक्षामंत्री स्व. डॉ. शिवानंद नौटियाल के स्मारक निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने एक दिवसीय धरना दिया। सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट की अगुवाई में ग्रामीणों ने धरना दिया। बताया कि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्व. नौटियाल के भव्य स्मारक बनाए जाने का आश्वासन दिया था लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी उनका स्मारक नहीं बन पाया जिससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होेंने जल्द ही स्मारक निर्माण की मांग उठाइ। इस मौके पर विमला देवी, सीमा देवी, छुमा देवी, कुसुम देवी, सत्य प्रसाद, आदि मौजूद रहे। संवाद
-
30 जून तक आयोजित होगा खेत बचाओ अभियान
पौड़ी। केंद्र के कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारियां दी गईं। कृषि विशेषज्ञों ने मृदा स्वास्थ्य, मृदा परीक्षण, संतुलित व जैविक उर्वरक की विस्तार से जानकारियां दीं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली वानिकी व औद्यानिकी विवि भरसार के कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. अंशुमान ने किसानों को अभियान के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने न्याय पंचायत पर होने वाले कार्यक्रमों का रोस्टर जारी कर न्याय पंचायत प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। संवाद