पौड़ी। जिला प्रशासन ने फरवरी माह को सुशासन माह के रूप में मनाए जाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम ने सभी अफसरों को पूरे महीने जमीनी स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इन कार्यो की मॉनिटरिंग के लिए सीडीओ को कंट्रोल रुम स्थापित करने को कहा है।
कलक्ट्रेट में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सुशासन माह को लेकर अफसरों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम तहत सभी अफसर एक-एक गांव में जाकर रात्रि चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। कहा कि इन सभी कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस मौके पर डीएम ने सुशासन माह के तहत सभी विभागाें को जिम्मेदारियां भी सौंपी। कहा कि शिक्षा विभाग बाघ व गुलदार के व्यवहार व उससे सुरक्षा को लेकर अब तक स्कूली छात्रों को जागरूकता/शिक्षित कर चुका है, इसका डाटा भी उपलब्ध कराएगा। डीएम ने कृषि, उद्यान, पशु पालन आदि विभागों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। हिदायत दी कि योजना के लाभार्थियाें का गलत चयन हुआ तो संबंधित अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग करेगा ये कार्य
स्वास्थ्य विभाग इस माह में जनपद भर में गर्भवती महिलाओं, छात्राओं व अन्य प्रभावितों की स्क्रीनिंग करते अनीमिया ग्रस्तों का उपचार करेगा। इसके लिए डीएम ने एसीएमसओ स्तर के अफसरों को सभी सीएचसी व पीएचसी का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को प्राथमिकता के आधार पर सभी चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्थ करने को कहा।
राजस्व विभाग को सौंपी जिम्मेदारी
तहसील स्तरीय समिति बैठकों का आयोजन कर सड़क सुरक्षा के कारकों की विस्तृत रिर्पोट तैयार कर डीएम को सौंपेगी। सभी एसडीएम पटवारी चौकियों का निरीक्षण, पीपीई एक्ट के मामलों व विरासतन खतौनियों में स्वयं ही नाम दर्ज करवाने आदि कार्य शीघ्र पूरा करेंगे। जंगली जानवरों से सुरक्षा को लेकर डीएम ने सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर एक समिति गठित करने के निर्देश जारी किए हैं।
लोनिवि सड़कों को करेगा गड्ढामुक्त
डीएम डाॅ. चौहान ने लोनिवि को जनपद की सभी सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने को कहा है। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण के मामलों को भी शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए हैं। जबकि समाज कल्याण सभी छात्रावासों व वृद्ध आश्रमों का निरीक्षण करते हुए वस्तुस्थिति की दैनिक रिर्पोट सीडीओ के कंट्रोल रूम को भेजेगा।