कीर्तिनगर। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर के मोटर पुल तिराहे के पास लगातार हो रहा भूस्खलन स्थानीय लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। बरसात के दौरान पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिर रहा है, जिससे यहां हर समय हादसे की आशंका बनी हुई है। यह स्थान कीर्तिनगर का मुख्य केंद्र होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही और वाहनों की पार्किंग रहती है।
मोटर पुल तिराह पर टैक्सी स्टैंड, पुलिस चेकपोस्ट, यात्री विश्राम गृह और शराब की दुकान स्थित है। इसके अलावा ऋषिकेश, बदरीनाथ, श्रीनगर, टिहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। ऐसे में थोड़ी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कई बार अचानक पत्थर और मलबा गिरने से वाहन चालकों और राहगीरों को जान बचाकर भागना पड़ता है।
जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता जय सिंह कठैत ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के बाद से इस स्थान पर भूस्खलन की समस्या शुरू हुई। पहले भी बरसात के मौसम में यहां से पत्थर और मलबा गिरता था, लेकिन इस वर्ष बारिश के कारण बड़ी मात्रा में मलबा आने से खतरा कई गुना बढ़ गया है। बताया कि जिस जगह से भूस्खलन हो रहा है, उसके ठीक ऊपर तहसील की आवासीय कॉलोनी है, जहां राजस्व विभाग के कर्मचारियों के परिवार रहते हैं।
वहीं नीचे टैक्सी स्टैंड और मोटर पुल तिराहा होने से दिनभर लोगों की भारी भीड़ रहती है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड एवं लोक निर्माण विभाग श्रीनगर से प्रभावित स्थल पर शीघ्र सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण, पहाड़ी का वैज्ञानिक ट्रीटमेंट, जाल (रॉक नेट) लगाने और बरसात के दौरान नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।