कोट ब्लाक के कोटसाड़ा गांव में सीएम हरीश रावत की अगवानी की तैयारी जोरों पर चल रही है। ग्रामीण प्रदेश मुखिया के स्वागत की तैयारी में जुटे हुए हैं। सीएम के हेलीकाप्टर को उतारने के लिए गांव में हेलीपैड बना दिया गया है।
कोट ब्लाक के कोटसाड़ा गांव में 17 नवंबर को सीएम हरीश रावत के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सीएम हरीश रावत 17 नवंबर की शाम कोटसाड़ा पहुंचेंगे। रात को चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। हालांकि सीएम के इस कार्यक्रम की अभी भी शासन स्तर से कोई अधिकारिक सूचना नहीं आ पाई है, लेकिन सीएम के गांव में आने की खबर भर से गांव के लोग उनकी अगवानी की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कोट ब्लाक के ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल ने बताया कि ग्रामीणों को पूरी उम्मीदें हैं कि सीएम हरीश रावत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और साहित्यकार भजन सिंह के इस गांव में जरूर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि सीएम के हेलीकाप्टर को उतारने के लिए गांव में हेलीपैड बना दिया गया है।
ब्लाक प्रमुख ने बताया कि गांव में उनके विश्राम की व्यवस्थाएं भी की जा चुकी हैं। सीएम के गांव में आने की संभावनाओं को देखते हुए उपजिलाधिकारी पीएल शाह ने भी गांव में भ्रमण कर स्थितियों का जायजा लिया। पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल सिंह चौहान ने बताया कि कोटसाड़ा गांव में पहली बार किसी सीएम के पहुंचने का कार्यक्रम है। इससे ग्रामीणों में उल्लास और उम्मीदें होना स्वाभाविक है।