पौड़ी। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अफसरों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना पर फोकस करने को कहा। राठ विकास अभिकरण, जिला योजना, सहकारिता जैसे विभागों के अधिकारियों को समन्वय बनाकर युवाओं को स्वरोजगार देने के निर्देश दिए। कहा कि खिर्सू-राठखाल राजकीय उद्यान को मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना के तहत बागवानी पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा।
रावत बृहस्पतिवार को यहां विकास भवन सभागार में विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कृषि, उद्यान, पशुपालन, बकरी पालन, सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन आदि क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक-एक गांव को मॉडल के रूप में विकसित किए जाने पर जोर दिया।
कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में 20 से 25 सेब और अखरोट के बगीचे तैयार किए जाएंगे। साथ ही 90 प्रतिशत अनुदान के तहत तीन सौ पॉली हाउस भी लगाए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री मोटर साइकिल स्वरोजगार योजना के तहत 60 हजार से सवा लाख तक लोन देने की जानकारी दी।
डीएचओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि 879 पॉली हाउस में संरक्षित खेती पर कार्य किया जा रहा है। मौके पर सिंचाई सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष अतर सिंह असवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सहकारिता मातबर सिंह रावत, डीसीबी अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह रावत, अध्यक्ष राठ विकास अभिकरण शंकर सिंह रावत, प्रभारी सीडीओ एसएस शर्मा, डीडीओ वेद प्रकाश, उप वन संरक्षक एके वर्मा आदि मौजूद थे।