श्रीनगर। गढ़वाल विवि राष्ट्रीय सेवा योजना की 22 वीं सलाहकार समिति की बैठक विवि के कुलपति प्रो. एमएमएस रौथाण की अध्यक्षता में ऑनलाइन/ऑफलाइन मोड में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिला समन्वयक प्रो. ओके बेलवाल ने पौड़ी जनपद के अंतर्गत आने वाले परिसरों में वर्तमान में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमों की प्रगति आख्या रखी।
राज्य राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. सुनैना रावत ने रासेयो की हर गतिविधियों को माय भारत पोर्टल रजिस्ट्रेशन पर पंजीकरण करना आवश्यक बतलाया। उन्होंने वर्तमान शैक्षिक सत्र में विशेष शिविरों के लिए बजट आवंटन, माय भारत पोर्टल रजिस्ट्रेशन, एनईपी पर विस्तार से जानकारी दी। विवि के कुलपति प्रो.रौथाण ने सत्र 2025-26 हेतु बी और सी प्रमाण पत्र परीक्षा के आयोजन के तरीके हेतु विवि स्तर कमेटी का गठन कर परीक्षा आयोजन हेतु पूरा सहयोग रासेयो प्रकोष्ट को देने की बात कही।
सलाहकार समिति के सदस्य प्रो. राकेश चंद्र कुंवर ने आगामी नंदा राजजात में रासेयो के स्वयं सेवियों की सेवाएं कैसे ली जा सकती है, पर विस्तार से बताया। विवि के कुलसचिव प्रो. राकेश चंद्र ढोडी ने रासेयो प्रकोष्ठ को आधारभूत सभी सुविधाएं विवि की ओर से देने की बात कही। बैठक में नेहरू युवा केन्द्र पौड़ी के जिला समन्वयक शैलेश भट्ट, पौड़ी परिसर के निदेशक प्रो. यूसी गैरोलाडी, एसडबल्यू प्रो. एमएस नेगी, प्राचार्य बीएसएम पीजी कॉलेज रुड़की, डॉ. गौतमवीर, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद सिंह राणा, डॉ. ममता सिंह, डॉ. वीपी चमोला व वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश नेगी ने भाग लिया।