जिला प्रशासन व खेल विभाग के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अंडर 13, 17 व 19 आयुवर्ग की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2024 का जिला मुख्यालय पौड़ी में आगाज हो गया। तीन दिवसीय अंडर 13, 17 व 19 आयु वर्ग की बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन आठ जनपदों में पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, उधमसिंहनगर, देहरादून व बागेश्वर के कुल 96 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
पौड़ी के रांसी इंडोर स्टेडियम में डीएम गढ़वाल डॉ. आशीष चौहान बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने के लिए खेल के प्रति समर्पण और लक्ष्य प्राप्ति को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि खेल में जीत व हार नाम की दो अनिश्चितता हमेशा विद्यमान रहती है। इसलिए खेल को खेल भावना के साथ खेलते हुए लक्ष्य पर नजरे जमाए रखना जरूरी है।
चमोली, पौड़ी, नैनीताल ने पहले जीते मुकाबले
पहले दिन बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर 17 आयु वर्ग में चमोली व नैनीताल के बीच मुकाबला खेला गया। जिसमें चमोली ने जीत दर्ज की। इसी वर्ग में टिहरी व पौड़ी के बीच खेले गए मुकाबले में पौड़ी ने मैच जीता। जबकि अंडर 13 में नैनीताल व चमोली के बीच हुए मुकाबले में चमोली मैच जीता। वहीं इसी वर्ग में नैनीताल ने देहरादून को आसानी से हराया। इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान, बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बंगारी, बैडमिंटन कोच बीपी बमोला आदि मौजूद रहे।