पूर्ति निरीक्षक बोले-वरिष्ठ नागरिकों को दी जाए प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। श्रीनगर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने और वरिष्ठ नागरिकों व असहाय लोगों को राहत देने के लिए पूर्ति निरीक्षक ने श्रीनगर गैस सर्विस के प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं। कहा कि गैस एजेंसी अनुबंध की शर्तों के अनुरूप घर-घर गैस सिलिंडर (होम डिलीवरी) की आपूर्ति सुनिश्चित करे।
इस मामले में अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र मैठाणी ने शिकायत की थी कि अल्केश्वर, भक्तियाना, पराग डेयरी उफल्डा, डांग, डाक बंगला, ऐठाणा आदि क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी नहीं हो रही है। इससे विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और असहाय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक श्रीनगर ने नगर के गैस एजेंसी प्रबंधकों को इस संबंध में जारी निर्देश में कहा कि अनुबंध के अनुसार स्थानीय सप्लाई क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी अनिवार्य है। उन्होंने गैस एजेंसी को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए सभी पात्र उपभोक्ताओं, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर घर-घर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं। निर्देशों की अनदेखी होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।