देवप्रयाग। वन विभाग माणिकनाथ रेंज के वनकर्मियों की नगर क्षेत्र में एक दिवसीय मानव-वन्यजीव संघर्ष ,रोकथाम व कौशल विकास पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। रेंज कार्यशाला में वनकर्मियों, आरआरटी व क्यूआरटी कर्मियों को विभिन्न रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी दी गई। साथ ही वनकर्मियों को मानसिक रूप से सशक्त होने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में वन कर्मियों को कैमरा ट्रैप, स्नेयर पोल, वन्यजीव रेस्क्यू में प्रयोग होने वाले अन्य उपकरणों की जानकारी देकर प्रशिक्षित किया गया, जिससे कि वह मानव-वन्यजीव संघर्ष की अवस्था में त्वरित व प्रभावशाली ढंग से कार्य कर सके। वन क्षेत्राधिकारी माणिकनाथ रेंज मदन सिंह रावत ने कहा कि कार्मिकों ने विभिन्न रेस्क्यू उपकरणों का प्रयोग करते हुए वन्यजीवों के रेस्क्यू हेतु मॉक ड्रिल भी की। कार्यशाला में उप वन क्षेत्राधिकारी सुखदेव प्रसाद बडोनी व सीताराम डबराल, वन दरोगा संजय रौथाण, सुरेश चंद्र पैन्युली सहित रेंज के सभी वनारक्षी व अन्य वनकर्मी मौजूद थे।