स्वजल विभाग में सेवारत कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिलने पर आक्रोशित कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
विकास भवन स्थित स्वजल विभाग के 10 कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले गए। विभाग में तकनीकी सलाहकार, पर्यावरण विशेषज्ञ, सामुदायिक विकास विशेषज्ञ, रनर के पदों पर सेवारत इन कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिला है। 14 सितंबर को निदेशक ने कर्मचारियों को एक में वेतन भुगतान का आश्वासन दिया, भुगतान नहीं किया गया। स्वजल कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विजय प्रकाश गैरोला ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन का जब तक भुगतान नहीं होगा, कार्यबहिष्कार जारी रहेगा। कार्य बहिष्कार करने वालों में वीरेंद्र कुमार, प्रकाश चंद्र, पूरण बिष्ट, सुरेखा पोखरियाल, अरविंद कंडारी, प्रमोद बहुगुणा, प्रकाश खुल्बे आदि शामिल रहे।
नई टिहरी में भी मार्च से वेतन और भत्तों का भुगतान न होने से नाराज स्वजल परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया है। परियोजना में कार्यरत कार्मिकों ने बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने परियोजना प्रबंधक को दिए ज्ञापन में जल्द भुगतान न होने पर बेमियादी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इस मौके पर सुनीता नेगी, अरविंद चंद, शैलेंद्र रावत, नरेंद्र नेगी, प्रद्युम्न सिंह, नरेश भंडारी, चंद्रवीर नेगी, केडी सकलानी, दिनेश कंसवाल मौजूद थे।