जम्मू। जीएमसी और अन्य एसोसिएटेड अस्पतालों में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ सुपर स्पेशलिटी यूनिटों में ओपीडी के दिन भी बढ़ाए जाएंगे। इससे मरीजों को राहत मिलेगी। अभी तक ओपीडी में फोन पर अपाइंटमेंट लेने वाले 20 या इससे कुछ अधिक मरीजों को ही देखा जा रहा है। शनिवार को जीएमसी में विभागीय अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें ओपीडी सहित अन्य व्यवस्थाओं के विस्तार पर सुझाव लिए जाएंगे।
नई व्यवस्था में ओपीडी में अपाइंटमेंट में मरीजों की संख्या 20 से बढ़ाकर 30-35 तक करने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ सुपर स्पेशलिटी के सुपर स्पेशलिटी यूनिटों में विभिन्न यूनिटों के ओपीडी के दिन बढ़ाए जाएंगे। अभी तक सीमित दिनों में ही सुपर स्पेशलिटी यूनिट काम कर रहे हैं। लेकिन दिन बढ़ने से अधिक मरीजों को देख जाएगा। इसी तरह अपाइंटमेंट में भी मरीजों की संख्या बढ़ने से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ डाक्टरों का परामर्श हासिल हो सकेगा। मौजूदा व्यवस्था में विभिन्न यूनिटों के लिए अलग से दिन फिक्स किए गए हैं। पिछले दो हफ्ते में नई ओपीडी व्यवस्था से अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इसमें कोविड संकट के बीच अस्पतालों में मरीजों की भीड़ को नियंत्रण करनेमें सफलता मिली है। लेकिन अपाइंटमेंट में सीमित संख्या ही होने से बड़ी संख्या में मरीज ओपीडी सेवा से वंचित हो रहे हैं। खासतौर पर संभाग के अन्य जिलों से मरीज नहीं पहुंच पा रहे हैं।हालांकि एसोसिएडटेड अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं बहाल हैं, लेकिन ओपीडी के सीमित होने से मरीजों का एक बड़ा हिस्सा डाक्टरी सलाह से बाहर है। जीएमसी के प्रिंसिपल डा. नसीब चंद डिगरा ने बताया कि शनिवार को विभागीय एचओडी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें विभिन्न बिंदुओं पर उनके सुझाव लिए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य ओपीडी का विस्तार करना है।