पौड़ी। ईसा फाउंडेशन के उत्तरा केयर हॉस्पिटल की ओर से विशेष जनस्वास्थ्य अभियान के तहत विकासखंड पौड़ी के बलोड़ी गांव में निशुल्क स्वास्थ्य लगाया गया। इस दौरान मरीजों का रक्तचाप, रक्त शर्करा, ऑक्सीजन स्तर, नाड़ी, वजन समेत अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप परामर्श और निशुल्क दवाइयां वितरण कीं। शिविर में कुल 29 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। साथ ही ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, मौसमी बीमारियों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जेपी चमोली, डॉ. विवेक रमोला, डॉ. एस भट्टाचार्य, कैंप सुपरवाइज़र काजल रावत, शैलबाला, फार्मासिस्ट गौरव, अरविंद, विनोद आदि मौजूद रहे।
-
ढांढरी गांव में गुलदार ने बछिया पर किया हमला
पौड़ी। जिला मुख्यालय से सटे बैदगणा ढांढरी गांव में एक बार फिर से गुलदार की दहशत है। मंगलवार दोपहर गुलदार ने घर के पास एक बछिया पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। बीते मई में गुलदार ने ढांढरी से सटे कमंद गांव में एक व्यक्ति को मार डाला था। ग्रामीण संदीप कुमार ने बताया घर के पास ही बछिया खोली थी, तभी गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बताया कि उनका घर गांव से थोड़ी दूरी पर है। घर में बच्चे और माता पिता हैं। ऐसे में गुलदार की दहशत से घर से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं पालिका के वार्ड नौ स्थित तिमली गांव मोहल्ले में बीते दो दिनों से गुलदार दो शावकों के साथ दिखाई दे रहा है। वार्ड वासी अनूप सिंह व संजय कुमार ने बताया कि घर के पास ही गुलदार दिखाई देने से लोगों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरे लगाकर गुलदारों को पकड़ने की मांग उठाई है।