अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजपाल बिष्ट ने उत्तराखंड सरकार पर बेरोजगार युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाया। बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती के नाम पर सरकार ने जो मानक बनाए हैं वे जटिल हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भर्ती के लिए निर्धारित किए गए मानकों में बदलाव की मांग की। कहा कि मानकों में बदलाव नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
राजपाल बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से नर्सिंग के 1238 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। उत्तराखंड में 25 हजार से अधिक युवा नर्सिंग डिग्रीधारी हैं, लेकिन भर्ती के लिए 30 से अधिक बेड के अस्पताल में एक वर्ष के कार्य का अनुभव प्रमाणपत्र मांगा गया है, जबकि पर्वतीय क्षेत्र में 30 बेड का एक भी निजी अस्पताल नहीं है। साथ ही आवेदकों से एक साल का आयकर फार्म-16 भी मांगा जा रहा है जिसका निजी क्षेत्र में इसका कोई पालन नहीं किया जाता है। भर्ती में उत्तराखंड के मूल निवासी को ही शामिल होने की शर्त होनी चाहिए थी, लेकिन ये सभी मानक सरकार ने चहेतों को लाभ देने के लिए बदल दिए हैं।