पौड़ी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में अब सरकारी भवन पहाड़ी शैली में बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहे शहरों में पहाड़ी शैली से बन रहे भवनों को एक फ्लोर ओर बनाने की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर सीएम रावत ने कहा कि पशुओं की स्थानीय प्रजातियों के संरक्षण का ध्यान रखा जाए। कृषि व उद्यान के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुआ है। जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पेयजल कनेक्शन देने के लिए विभाग प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित करें। कहा कि प्रदेश स्तर पर प्रतिदिन 3 हजार कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है। कैंपा के तहत कार्यों को बढ़ाते हुए 70 फीसदी तक धनराशि खर्च करें। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने जिले में उद्यान, कृषि, पशुपालन व होम स्टे के क्षेत्र में हुए कार्यों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत, विधायक पौड़ी मुकेश कोली, पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, एसएसपी पी रेणुका देवी, सीडीओ आशीष भट्टगाई आदि मौजूद रहे।