कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने जीएमओयू को कोटद्वार-कालागढ़-रामनगर रूट पर दो बस सेवाओं के संचालन के लिए अनुमति प्रदान कर दी है। पार्क प्रशासन की अनुमति जीएमओयू मुख्यालय को प्राप्त हो गई है।
जीएमओयू बुधवार से कालागढ़ और रामनगर के लिए बस सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इससे कोटद्वार और गढ़वाल मंडल के लोगों को रामनगर और कुमाऊं मंडल आवाजाही करना आसान हो गया है। बरसात के सीजन के लिए पांच महीने से यह रूट बंद कर दिया गया था।
कार्बेट नेशनल पार्क गत 15 नवंबर से देश-विदेश के पर्यटकों के लिए खुल चुका है। पार्क खुलने के बाद से कोटद्वार-कालागढ़-रामनगर मार्ग पर बस सेवा चलाने के लिए कार्बेट प्रशासन की अनुमति का इंतजार था। कार्बेट टाइगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक और निदेशक की ओर से सोलह प्रतिबंधों और शर्तों पर बस संचालन की अनुमति प्रदान कर दी गई है। जीएमओयू के यातायात प्रबंधक आरएस चौहान ने बताया कि बुधवार से बस सेवाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
गढ़वाल और कुमाऊं को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए राज्य की सीमा के अंदर कोटद्वार क्षेत्र से कालागढ़ होते हुए रामनगर के लिए वर्षों पुराना कंडी मार्ग है जो वन विभाग के नियंत्रण में है। उत्तराखंड बनने के बाद से इस मार्ग को पक्का करने और पूरे सालभर चालू रखने की मांग गढ़वाल और कुमाऊं दोनों ओर से हो रही है, लेकिन नेशनल पार्क के कायदे-कानून इसमें रोड़ा बने हुए हैं। लोनिवि अधिकारियों की मानें तो जल्द ही इस मार्ग का सर्वे शुरू हो जाएगा। सीटीआर के उपनिदेशक डा. साकेत बडोला का कहना है कि गत 15 नवंबर से कार्बेट पार्क आम पर्यटकों के लिए खोला जा चुका है जो 15 जून तक खुला रहेगा। 24 नवंबर से कोटद्वार-कालागढ़-रामनगर मार्ग पर जीएमओयू की बस सेवा चलाने की भी अनुमति प्रदान कर दी गई है।