पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) का स्थापना दिवस रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से आयोजित हुआ। करीब 38 साल बाद संस्थान का स्थापना दिवस मनाया गया।
शनिवार को पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार संस्थान के दो दिवसीय स्थापना दिवस का उद्घाटन तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। उन्होंने संस्थान के ब्रह्मकलम अतिथि गृह, एप्लाइड सांइस विभाग, डॉ. बीआर अंबेडकर छात्रावास और बास्केटबॉल कोर्ट समेत हिन्दी, अंग्रेजी, गढ़वाली व कुमाउंनी भाषाओं पर आधारित बहुभाषीय एआई चेटबॉट का लोकार्पण किया। कहा कि पदभार संभालने के बाद अभी तक तीन बार तकनीकी शिक्षा को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। कहा कि द्वारहाट और घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कालेजों का स्थापना दिवस अब हर साल धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।
कहा कि छात्रों के लिए बेहतर हॉस्टल की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही छात्र - छात्राओं के लिए ओपन जिम, आधुनिक पुस्तकालय और स्टेडियम निर्माण किया जाएगा। जीबीपीआईईटी को देश का टॉप संस्थान बनाए जाने को लेकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
निदेशक प्रो. डॉ. वीके बंगा ने कहा कि संस्थान के शिक्षाविदों ने हिन्दी, अंग्रेज़ी, गढ़वाली एवं कुमाऊंनी भाषाओं पर आधारित बहुभाषीय एआई चेटबोट विकसित किया है। जिसे कंप्यूटर साइंस एवं एप्लीकेशंस विभाग के विशेषज्ञ कुंवर दीप नारायण के मार्गदर्शन में तैयार किया गया। इस मौके पर रजिस्ट्रार संदीप कुमार, डीन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट डाॅ. केएस भाटिया, डॉ. ममता बौठियाल, डॉ. सुरेश फुलारा, डॉ. मनोज पाठक, डॉ. केकेएस मेर, डॉ. संजय गैरोला आदि मौजूद रहे।