एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्र महासंघ चुनाव की तिथि आगे खिसक सकती है। बताया जा रहा है कि अब छात्र महासंघ के चुनाव 11 सितंबर को हो सकते हैं। पूर्व में यह तिथि 6 सितंबर को प्रस्तावित थी। राज्य के अन्य महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव 9 सितंबर को होने हैं, ऐसे में यदि गढ़वाल विवि 6 सितबर को महासंघ चुनाव कराता है तो अन्य महाविद्यालयों के विवि प्रतिनिधि महासंघ (एपेक्स बॉडी) चुनाव में प्रतिभाग नहीं कर पाएंगे।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर गढ़वाल विवि की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब छात्र महासंघ चुनाव की तिथि बदलने का दबाव विवि प्रशासन पर पड़ गया है। असल में पूरे प्रदेश के महाविद्यालयों में 9 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होने हैं, जबकि गढ़वाल विवि के तीनों परिसरों में छात्रसंघ चुनाव तीन सितंबर को हो रहे हैं। विवि ने महासंघ (एपेक्स बॉडी) के चुनाव के लिए 6 सितंबर की तिथि तय की थी। महासंघ चुनाव में विवि से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के विवि प्रतिनिधि शामिल होते हैं। महासंघ चुनाव की सभी प्रक्रियाएं एक ही दिन संपन्न होती हैं। महासंघ चुनाव में शामिल होने के लिए विवि प्रतिनिधि को संबंधित महाविद्यालय से निर्वाचन प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होता है। विवि के चुनाव कार्यक्रम के तहत महासंघ का चुनाव अन्य महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव से पहले हो रहा है, ऐसे में महाविद्यालयों के विवि प्रतिनिधि महासंघ चुनाव में भाग नहीं ले पाएंगे। इस देखते हुए विवि को तिथि मेें बदलाव करना पड़ रहा है। विवि के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएन बहुगुणा ने बताया कि महासंघ चुनाव की तिथि में बदलाव किए जाने पर विचार किया जा रहा है।