पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा स्वच्छता, संरक्षण, जन-जागरुकता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा हुई।
इस दौरान उन्होंने बताया कि चार नवंबर को प्रस्तावित गंगा उत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से सार्थक रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के घाटों और किनारों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिससे स्थानीय नागरिकों में गंगा नदी के प्रति श्रद्धा और संरक्षण भावना को बल मिलेगा।
इसके साथ ही उन्होंने गंगा के महत्व, उसकी सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरणीय भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, निबंध लेखन, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन अनिवार्य रूप से करवाने के निर्देश दिए। बैठक में डीडीओ मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला, एसडीओ वन विभाग आईशा बिष्ट, पीएम स्वजल दीपक रावत, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल आदि मौजूद रहे।