श्रीनगर। प्रत्येक वर्ष गर्मियों का सीजन शुरू होते ही जंगलों में आग लगने की घटनाओं में तेजी आ जाती है। वनों को आग से सुरक्षित रखना वन विभाग के लिए हर साल चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। वनों को आग से बचाने के लिए सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी गढ़वाल की श्रीनगर रेंज ने कमर कस ली है। वन विभाग ने ग्राम स्तर पर गठित वन पंचायतों और फायर वाचर को वनों को आग से बचाने के लिए अलर्ट मोड पर रखा है।
सिविल एवं सोयम वन प्रभाग श्रीनगर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र प्रसाद कुकरेती ने बताया कि श्रीनगर रेंज के अंतर्गत ग्राम स्तर पर 152 वन पंचायतों का गठन किया गया है। साथ ही 14 फायर वाचर को हर समय अलर्ट मोड पर रखकर वनों की निगरानी की जा रही है। जंगलों में कई जगह फायर लाइन काटी गई है।
उन्होंने कहा कि वन पंचायतों के माध्यम से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान से वनों को बचाने की मुहिम का असर भी देखते को मिल रहा है। इस कारण श्रीनगर रेंज के अंतर्गत अभी तक वनाग्नि की घटना नहीं हुई है। कहा कि जंगलों को आग से बचाने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है। आग लगने की स्थिति में रेंज के अधीन 6 क्रू स्टेशन को यदि समय पर सूचना मिल जाए तो जल्दी आग बुझाने में सफलता मिलेगी। संवाद