पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल के मनियारस्यूं पट्टी के विभिन्न गांवों में बकरियों समेत अन्य पशुओं पर लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वहीं वन विभाग ने दावा किया है कि क्षेत्र में अज्ञात जानवर नहीं, बल्कि गुलदार गोशालाओं को तोड़कर बकरियों को मार रहा है। गुलदार की सक्रियता के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त करनी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते बृहस्पतिवार रात को धारी गांव निवासी सोहन लाल की 14 बकरियां गोशाला में मरी हुईं पाई गईं। ग्रामीण इस घटना को किसी अज्ञात जानवर से जोड़कर देख रहे हैं। शनिवार को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर निरीक्षण किया। गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि जिस गोशाला में 14 बकरियां मरी मिलीं थीं, वहां जांच के बाद पाया गया कि गुलदार ने ही सभी बकरियों को मारा था। उन्होंने ग्रामीणों को सावधान और सतर्क रहने को कहा है। कहा कि पशुपालक सोहनलाल को वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने वन विभाग की टीम को क्षेत्र में लगातार गश्त करने के लिए तैनात कर दिया है।