कोरोना महामारी से लड़ाई में भारत स्काउट एवं गाइड पौड़ी लगातार गरीब और असहायों की मदद कर रहा है। कोरोना योद्धाओं के सहयोग में भी इनकी सहभागिता सराहनीय है। जिले में भारत स्काउट एवं गाइड को पांच जोन में बांटा गया है। जोन के प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
मुख्यालय पौड़ी सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में भारत स्काउट एवं गाइड पौड़ी मास्क व सैनिटाइजर वितरण, जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर और खाद्य सामग्री वितरण के कार्यों में जुटा है, लेकिन जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्काउट एवं गाइड की सेवाओं को पहुंचाने के लिए जिला सचिव केशर सिंह असवाल ने पांच जोन गठित किए हैं। इनमें पौड़ी, एकेश्वर, बीरोंखाल, जयहरीखाल व दुगड्डा शामिल हैं। पौड़ी जोन का प्रभार जिला सचिव केशर सिंह असवाल संभालेंगे। एकेश्वर में आशीष नेगी व प्रमोद रावत, बीरोंखाल में चंद्रमोहन नेगी जयहरीखाल में मीना अधिकारी व विनोद बिष्ट और दुगड्डा में रूपचंद्र लखेड़ा व मधु कुकरेती को प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। जिला सचिव असवाल ने बताया कि स्काउट एवं गाइड आपदा के समय हमेशा से ही सहयोग के लिए तत्परता से कार्य करता रहा है। कोरोना महामारी में भी स्काउट एवं गाइड लगातार अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह रावत, देवेंद्र सिंह, संग्राम सिंह नेगी, रघुराज चौहान व राकेश भारती आदि मौजूद रहे।