गत वर्ष जुलाई माह में किया था आवेदन, अब तक काट रहे चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
कीर्तिनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के अंतर्गत जखंड गांव का एक व्यक्ति नौ माह से अपने बेटे का जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए भटकने के लिए मजबूर है। गत वर्ष जुलाई माह में उन्होंने जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए आवेदन किया था लेकिन तब से उनके बेटे का जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन पाया है। यदि जल्द जन्म प्रमाणपत्र नहीं बना तो वह डीएम टिहरी व देवप्रयाग विधायक से भी इसकी शिकायत करेंगे।
जखंड गांव के विपिन स्वरूप डोभाल ने बताया कि गत वर्ष जुलाई माह में उन्होंने अपने बेटे के जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। तब उन्हें दो-चार दिन में प्रमाणपत्र बन जाने का आश्वासन दिया गया था लेकिन अब नौ माह बीत चुके हैं मगर जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन पाया है। प्रमाणपत्र बनाने के लिए जो भी औपचारिकताएं होती हैं वह भी पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए कभी सीएससी सेंटर व कभी ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर काटने के लिए विवश हैं। खंड विकास अधिकारी कीर्तिनगर सुमनलता ने कहा कि वीपीडीओ से इस संदर्भ में रिपोर्ट मांगी गई है। किस स्तर पर गड़बड़ी हुई है उसका समाधान कर जन्म प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।