पुरोला। फॉर्मर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान किसानों के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तहसील के आधार केंद्र में हर रोज किसानों को भारी भीड़ जुट रही है लेकिन नंबर पर ओटीपी प्राप्त न होने से दिक्कत है।
दूरदराज से आने वाले किसानों की बढ़ती भीड़ और समस्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुरोला में एक अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र खोला गया है। तहसील में दूरदराज क्षेत्रों से आधार सेवा केंद्र पहुंच रहे किसानों को अपनी बारी के इंतजार में घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। सोमवार को भी यहां किसानों की भीड़ लग गई।
लोग दिनभर परेशान रहे। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए किसानों को पहले आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करवाना पड़ रहा है। किसान राजेंद्र गैरोला, हकुमत रावत व राजपाल पंवार का कहना है कि आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण ओटीपी नहीं आ रही है। इससे से उन्हें पहले आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करवाना पड़ रहा है जिससे किसान रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में देरी हो रही है। काश्तकारों ने स्थानीय प्रशासन से व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने की मांग की है। संवाद