संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। जनपद में 10 हजार रुपये से कम मासिक आय वाले परिवारों को उज्जवला-3.0 योजना का लाभ दिया जाएगा। डीएम ने योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान, ई-केवाईसी, दस्तावेज सत्यापन व गैस आपूर्ति की व्यवस्था के लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को डीएम स्वाति एस भदौरिया ने जिला उज्ज्वला समिति की समीक्षा बैठक लेते हुए जिले में उज्ज्वला 3.0 योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए पूर्ति विभाग को योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा। सभी पात्र परिवारों की अपडेेट सूची तैयार रखने, डुप्लीकेसी रोकने और ई-केवाईसी प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए। कहा, पात्र परिवार दस्तावेज त्रुटियों या तकनीकी कमियों के कारण योजना से वंचित न रहे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सरल किया जाए। जिला स्तरीय नोडल अश्विनी कुमार ने योजना कि विस्तार से जानकारियां दीं। बताया कि ऐसे परिवार जिनकी मासिक आय दस हजार रुपये से कम है और उनके नाम पर कोई गैस कनेक्शन नहीं है साथ ही परिवार की मुखिया महिला है, उन्हें उज्ज्वला 3.0 के लिए पात्र माना जाएगा। पात्र परिवारों को पूरी तरह से निःशुल्क गैस कनेक्शन और ई-केवाईसी पूरा होने पर नियमित रूप से सब्सिडी मुहैया कराई जाएगी। इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा, एलडीएम मीनाक्षी शुक्ला, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल आदि शामिल रहे।