संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। बछेली ग्रामसभा के तरुली में महिला को मारने वाले हमलावर गुलदार का 16 दिन बाद भी सुराग नहीं लग पाया। महिला के शरीर पर मिले गुलदार के बालों के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं आई है। इस बीच गुलदार को पकड़ने, ट्रेंकुलाइज करने या अंतिम विकल्प के तौर पर मारने की अनुमति की समय सीमा भी रविवार को समाप्त हो गई है।
क्षेत्र में कैमरा ट्रैप, सोलर सीसीटीवी कैमरे, पिंजरे, शिकारी और गश्त टीम भी तैनात है लेकिन न गुलदार का ठिकाना स्पष्ट हो पाया और न ही उसे पकड़ने में सफलता मिली। वहीं पौड़ी डीएफओ महातिम यादव का कहना है कि घटना के तत्काल बाद गुलदार के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं आई है। गुलदार को पकड़ने अथवा ट्रेंकुलाइज करने को लेकर पूर्व में मिली अनुमति को पुन: विस्तारित करने का अनुरोध उच्चाधिकारियों से किया गया है।