ोत्र में भारी बारिश से लगभग साढ़े 16 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। ऊर्जा निगम को फॉल्ट ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बुधवार रात साढ़े 9 बजे बाधित हुई बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजे बहाल हुई।
बुधवार रात क्षेत्र में तेज बारिश के होते ही देवप्रयाग नगर सहित टिहरी और पौड़ी जिले के सौ से अधिक गांव में बिजली ठप रही। विभागीय कर्मियों ने श्रीनगर से देवप्रयाग आ रही 33 केवी लाइन में कीर्तिनगर में फॉल्ट ठीक किया, लेकिन देवप्रयाग क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। कर्मियों ने फाल्ट का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली, जिसके चलते पूरी रात लोगों को अंधेरे में गुजारनी पड़ी। बृहस्पतिवार सुबह एसडीओ देवप्रयाग अनुज सेमवाल की अगुवाई में ऊर्जा निगम की टीम फॉल्ट का पता करने निकली। काफी मशक्कत के बाद भल्लेगांव (बगवान) के जंगल में फॉल्ट मिल गया। फॉल्ट को दूर कर निगम ने अपराह्न् दो बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। विद्युत वितरण खंड श्रीनगर के अधिशासी अभियंता वाईएस तोमर ने बताया कि लगातार बारिश से फॉल्ट पता करने मे दिक्कत आई लेकिन अब फॉल्ट को दूर कर लिया गया है। संवाद