पिनाकोट ग्राम पंचायत के डांगी गांव में 28 परिवार को सात माह से विद्युत बिल नहीं मिले हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से बिजली बिल का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि गांव में कई उपभोक्ता एकसाथ इतने माह के बिल का भुगतान करने में असमर्थ हैं।
कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी विधान सभा श्रीनगर भूपेंद्र सिंह असवाल, ग्रामीण मदन सिंह, संजय सिंह, रमेश सिंह ने बताया कि जून माह में मामले की शिकायत अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड पौड़ी से भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला मंगल दल अध्यक्ष पिनाकोट उर्मिला देवी ने कहा कि गांव में कई उपभोक्ता ऐसे हैं, जो एकसाथ सात माह के बिल का भुगतान नहीं कर सकते हैं। उन्होंने बिल पर अतिरिक्त देय नहीं लगाने, बिल समय पर देने, बिल आने के बाद भुगतान के लिए समय देने की मांग की। वहीं विद्युत वितरण खंड के एसडीओ ई. आरपी नौटियाल ने बताया कि जनवरी माह में बिल देने के बाद लॉकडाउन के चलते मीटर रीडर रीडिंग के लिए नहीं जा सके। जिस कारण बिल नहीं बन पाए हैं। अब जल्द ही मीटर रीडिंग के बाद ग्रामीणों को बिल दे दिए जाएंगे।