पौड़ी। जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने बिजली, पानी, शिक्षा, सड़क मुआवजा आदि की समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। कार्यक्रम में 17 शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम ने सभी शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम हुआ। कोट ब्लॉक के चमना गांव के ग्रामीणों ने गेंठीछेड़ा पंपिंग पेयजल योजना से पानी आपूर्ति बाधित होने, खड़ेत तल्ला के धीरेंद्र सिंह ने हर घर नल योजना के तहत पेयजल कनेक्शन देने की शिकायत की। वहीं, कोटद्वार के सुरेंद्र प्रसाद की वार्ड -29 घमंडपुर के घनानंद विहार कालोनी में पांच परिवारों की पेयजल समस्याएं उठाईं। डीएम ने जल संस्थान को 24 घंटे के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए।
पाबौ ब्लॉक के कलगढ़ी के ग्रामीणों ने बीते साल की आपदा के चलते क्षतिग्रस्त हुए पुल को हटाए जाने और झुके हुए बिजली के खंभों को दूसरी जगह पर लगाए जाने की मांग उठाई। डीएम ने एनएच श्रीनगर को 30 जून तक मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ऊर्जा निगम को जल्द ही खंभों को बदलने को कहा। डीएम ने पूर्व के कार्यक्रमों में दर्ज हुई शिकायतों के समाधान की भी समीक्षा की।
इस मौके पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ शिवमोहन शुक्ला, सीओ तपेश कुमार चंद, डीएफओ सिविल सोयम पावन नेगी, डीडीओ मनविंदर कौर आदि मौजूद रहे।