जिला योजना समिति (डीपीसी) के 7 सदस्यों का निर्वाचन बृहस्पतिवार को विकास भवन पौड़ी में होगा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने डीपीसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
कोविड काल के कारण मार्च 2020 को जिला योजना समिति के सदस्यों की निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित हो गई थी। जिले में डीपीसी सदस्य की 20 सीटें हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्र की 13 सीटों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। जबकि निकाय क्षेत्र की 7 सीटों पर निर्वाचन प्रक्रिया बृहस्पतिवार (आज) को विकास भवन पौड़ी में होगी। निकाय क्षेत्र की सात सीटों पर 14 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 73 मतदाता करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगदंडे ने बताया कि नगर निगम कोटद्वार, नगर पालिका दुगड्डा व नगर पंचायत सतपुली की पांच सीटों के निर्वाचन के लिए मुख्य कृषि अधिकारी डीएस राणा, नगर पालिका पौड़ी व स्वर्गाश्रम की एक सीट के लिए एआर कॉपरेटिव सुमन कुमार और नगर पालिका श्रीनगर की एक सीट के लिए सीवीओ डा. एसके सिंह बर्त्वाल को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान, साढ़े तीन बजे मतगणना और उसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।