श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि प्रशासन की ओर से इस बार सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम समय पर खोले जाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
विवि के अधिकारियों का कहना है कि समय पर परिणाम घोषित हों इसके लिए इस बार मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की संख्या बढ़ाए जाने की भी योजना है।
परीक्षा समाप्त होने के 10 से 15 दिन के बीच परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। पूरा प्रयास है कि जनवरी तीसरे सप्ताह तक परिणाम घोषित होने शुरू हो जाएं।
गढ़वाल केंद्रीय विवि में परीक्षा परिणाम समय पर न खुलने से छात्र-छात्राओं को हमेशा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई कक्षाओं का परिणाम खुलने में दो से तीन महीने से अधिक समय लग जाता है। ऐसे में छात्रों को इसका भुगतभोगी बनना पड़ता है।
विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के निर्देशों पर इस बार विभाग विवि का परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने के लिए प्रयासों में जुट गया है। विवि के ओएसडी परीक्षा प्रो. आरएस फत्र्याल का कहना है कि विवि की सेमेस्टर परीक्षाएं 4 दिसंबर से शुरू हो गई हैं, जो 9 जनवरी तक चलेंगी। पहले 10 दिनों की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं को नोडल अधिकारी को भेजकर इनका मूल्यांकन शुरू कराने की योजना है।
इसके बाद ऐसे ही अन्य दिनों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। कहा इसके लिए परीक्षकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली बार इस समय आंतरिक व प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक भेजने की समय सीमा भी परीक्षा समाप्त होने से पहले निर्धारित कर दी गई है।
सभी कॉलेजों व संस्थानों को हर हाल में 30 दिसंबर तक उक्त परीक्षाओं के अंक भेजने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि पूरा प्रयास है कि जनवरी तीसरे सप्ताह तक परिणाम घोषित होने शुरू हो जाएं। इसके लिए सामने आने वाली मैन पॉवर की कमी को भी पूरा किया जाएगा।