श्रीनगर। लगातार हो रही बारिश की वजह से चमधार गदेरे के पास रामपुर क्षेत्र में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से डूंगरीपंथ और फरासू के ग्रामीण बीते करीब एक सप्ताह से पेयजल संकट झेल रहे हैं। गांवों में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों के घरों में रखा पानी भी खत्म हो गया है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से जल्द आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो पेयजल लाइनें हैं। एक लाइन चमधार गदेरे स्थित स्रोत से आती है, जबकि दूसरी ढिकालगांव पंपिंग योजना से जुड़ी है। बरसात के दौरान पंपिंग योजना से आने वाला पानी गंदा और अनियमित हो रहा है। ऐसे में स्रोत की लाइन से होने वाली आपूर्ति ही ग्रामीणों के लिए सहारा बनती है, लेकिन पाइपलाइन बहने के कारण यह व्यवस्था भी ठप पड़ गई है। फरासू के वार्ड पार्षद विजय कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के साथ वह स्रोत स्थल तक पहुंचे और पाइपलाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद जल संस्थान श्रीनगर को तत्काल सूचना दी गई।
उन्होंने कहा कि हर बरसात में पाइपलाइन बहने से यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। स्थानीय निवासी पूर्व प्रधान रामलाल, विजय बहुगुणा, कैलाश फरासी और राहुल बिष्ट ने कहा कि पानी न मिलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जल संस्थान के जेई आयुष कंडारी ने बताया कि शुक्रवार को विभागीय टीम स्रोत स्थल पर पहुंची थी। बारिश के कारण काम में दिक्कत आई, फिर भी प्रयास कर डूंगरीपंथ की पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फरासू की लाइन में हवा भरने से आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। शनिवार को टीम मौके पर काम कर रही है और जल्द ही फरासू की आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी।