गुलदार को पकड़ने के लिए लगाए तीन पिंजरे
कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के रामपुर, कोटड़ीढांग, सनेह मल्ली और सनेह तल्ली में गुलदार की दहशत बनी हुई है। वन विभाग की ट्रेंकुलाइज टीम के साथ वनकर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। वहीं, हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे लगाए गए हैं।
पार्षद संजय भंडारी ने बताया कि तीन नवंबर की देर शाम गुलदार के हमले में आठ वर्षीय सान्वी घायल हो गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही लोग बच्चों के साथ घरों में कैद होने को मजबूर हैं। सोमवार को इस संबंध में डीएफओ और एसडीओ के साथ वार्ता हुई। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस इंडिया की बेस्ट नई ट्रेेंकुलाइज टीम तैनात करने की जानकारी दी गई है।
उधर, रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि ट्रेंकुलाइज टीम के साथ वनकर्मियों की दो टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे भी लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से विशेषकर रात के समय अकेले आवाजाही नहीं करने और सतर्कता बरतने की अपील की है।