पौड़ी। पाबौ में उप जिला अस्पताल और उप तहसील बनाए जाने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनशन कर रहे आंदोलनकारी गणेश भट्ट सोमवार को जिला अस्पताल की छत पर चढ़ गए। इससे पुलिस व प्रशासन में हलचल बढ़ गई। आंदोलनकारी करीब पांच घंटे तक छत पर बैठे रहे।
क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के लिए गणेश भट्ट व दिलबर नेगी ने बीते 27 अक्तूबर से कलेक्ट्रेट परिसर के समीप धरना शुरू किया था लेकिन प्रशासन की ओर से उनके साथ वार्ता नहीं किए जाने और मांगों पर काेई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने दो नवंबर से अनशन शुरू किया था। स्वास्थ्य में गिरावट का हवाला देते हुए प्रशासन ने उन्हें जबरन जिला अस्पताल में भर्ती किया।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सोमवार को आंदोलनकारी भट्ट दिनभर जिला अस्पताल की छत पर बैठे रहे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे भट्ट के छत पर चढ़ने की सूचना के बाद पुलिस और एसडीएम श्रीनगर नुपुर वर्मा मौके पर पहुंचीं। इसके बाद विधायक राजकुमार पोरी भी उन्हें समझाने के लिए पहुंचे लेकिन आंदोलनकारी छत पर डटे रहे।
विधायक ने एसडीएम व पीएमएस से वार्ता कर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि उन्हें भट्ट की मांगों की कोई सूचना नहीं थी यदि आंदोलनकारी ने धरना दिया था तो उन्हें भी ज्ञापन दिया जाना चाहिए था। वे आंदोलनकारी की मांगों से सरकार को रूबरू करते। पुलिस ने आंदोलनकारी को समझा बुझाकर करीब चार बजे छत से नीचे उतारा।