मरीजों में दहशत, सीएमओ ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
पाबौ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक नर्सिंग स्टाफ पर शराब के नशे में अस्पताल परिसर में हंगामा करने का आरोप है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है जब स्टाफकर्मी नशे की हालत में अस्पताल पहुंचे और अभद्र व्यवहार करने लगे।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि ड्यूटी के दौरान मरीजों के परिजनों ने शिकायत की कि संबंधित कर्मी नशे में स्टाफ व प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इससे अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को अस्पताल कर्मी पौड़ी पहुंचकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिव प्रसाद शुक्ला से मिले। सीएमओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी से वार्ता कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि मामले में विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. टीना,स्टाफ नर्स सुमन दास, राधा स्वरूप भी मौजूद रहे।