पौड़ी। जनपद में बालिका सह-शैक्षणिक विद्यालयों में शौचालयों की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी है। 11 विकासखंडों के 51 विद्यालयों में सुधार कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इसके लिए कुल 27 लाख 46 हजार 500 की धनराशि स्वीकृत की गई।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि जनपद के 11 विकासखंड पौड़ी, कोट, खिर्सू, पोखड़ा, द्वारीखाल, कल्जीखाल, यमकेश्वर, थलीसैंण, बीरोंखाल, पाबौ और एकेश्वर के विद्यालयों में यह कार्य कराया जाएगा। बताया कि पौड़ी के 10 विद्यालयों को 5.30 लाख, कोट के तीन विद्यालयों को दो लाख, खिर्सू के एक विद्यालय को 40 हजार, पोखड़ा के तीन विद्यालयों को 1.80 लाख, द्वारीखाल के 11 विद्यालयों को 5.76 लाख 500, कल्जीखाल के पांच विद्यालयों को 2.20 लाख, यमकेश्वर के चार विद्यालयों को 2.10 लाख, थलीसैंण के दो विद्यालयों को एक लाख, बीरोंखाल और पाबौ के एक-एक विद्यालय को 80-80 हजार व एकेश्वर के 10 विद्यालयों को 5.30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ होने से छात्राएं आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगी। संवाद