श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र एवं सतर्कता विभाग की ओर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किलकिलेश्वर, चौरास में नशा मुक्त भारत अभियान तथा सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया।
इस मौके पर प्रो. एमएम सेमवाल ने भ्रष्टाचार के विरोध एवं नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया। उन्होंने नशे के सामाजिक मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभाव की जानकारी दी। विश्वविद्यालय के उप सतर्कता अधिकारी एवं व्यवसाय प्रबंधन विभाग के प्रो. महेंद्र बाबू ने भ्रष्टाचार तथा नशा मुक्ति के बढ़ते प्रकोप तथा समाज में युवाओं में नशे के प्रचलन की जानकारी दी। डॉ. आशीष बहुगुणा ने छात्रों को उत्कृष्टता केंद्र के उद्देश्य और इससे वंचित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग के बारे में बताया। कार्यक्रम में डॉ. प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. मीना सेमवाल व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।