संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार द्वारा पतंजलि गुरुकुलम् मूल्याग्राम देवप्रयाग में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत स्पर्धा संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में टिहरी जिले के नौ विकासखंडों के 900 प्रतिभागियों ने छह विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। विधायक विनोद कंडारी ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र वितरित किए।
विभिन्न स्पर्धाओं में दर्शन महाविद्यालय मुनीकीरेती और पतंजलि गुरुकुलम् के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नाटक और श्लोकोच्चारण के वरिष्ठ वर्ग में पतंजलि गुरुकुलम् और कनिष्ठ वर्ग में दर्शन महाविद्यालय के छात्र अव्वल रहे। वहीं समूहगान, समूह नृत्य और वाद-विवाद स्पर्धाओं में भी दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजकों ने सभी विजेताओं को आगामी 23-24 अक्तूबर को हरिद्वार में होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए बेहतर तैयारी करने का आह्वान किया। संवाद