कुलपति ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर में केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई दूरदर्शी नई शिक्षा नीति के विभिन्न पक्षों पर 15 दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है, जिसमें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सेवारत सात सात राज्यों उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल के शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन पर गढ़वाल विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि गढ़वाल विवि का मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर एनईपी-2020 ओरिएंटेशन एंड सेंसटाइजेशन पर केंद्रित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर ऑनलाइन मोड में संचालित कर रहा है, जिससे अनेक राज्यों के प्रतिभागी सरकार के इस महत्त्वाकांक्षी उपक्रम में गढ़वाल विवि के मालवीय सेंटर से ऑनलाइन लाभान्वित हो रहे हैं।
केंद्र की निदेशक प्रो. इंदु पांडेय खंडूड़ी ने बताया कि केंद्र एनईपी-2020 के विविध पक्षों पर देशभर के विद्वान वक्ताओं को वक्तव्य के लिए आमंत्रित करते हुए शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण के नए आयाम स्थापित करेगा। इंडियन नॉलेज सिस्टम, एकेडमिक लीडरशिप गवर्नेंस एंड मैनेजमेंट, स्किल डेवलपमेंट स्टूडेंट डायवर्सिटी एंड इंक्लूसिव एजुकेशन, इनफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी कम्युनिकेशन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, हायर एजुकेशन एंड सोसायटी व हॉलिस्टिक एंड मल्टी डिसिप्लिनरी एजुकेशन जैसे विविध पक्षों पर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। सत्रों का संचालन असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. राहुल कुंवर सिंह, डॉ. सोमेश थपलियाल, डॉ. कविता भट्ट ने किया। संयोजन कार्य में पूनम रावत ने सहयोग दिया।