उत्तराखंड डिजास्टर रिकवरी परियोजना की ओर से विकास भवन में आपदा प्रबंधन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें एशियन इंस्टीटयूट आफ टेक्नोलॉजी थाईलैंड द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर विकसित किए गए डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि डिसीजन सपोर्ट सिस्टम से आपदा प्रबंधन तंत्र मजबूत होगा। कार्यशाला में पौड़ी के अलावा चमोली व रुद्रप्रयाग जिले के आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा आईटीबीपी के अधिकारी शामिल रहे।
इस मौके पर राज्य आपदा प्रबंधन आथोरिटी के कंसलटेंट डा. पीडी माथुर, भूपेंद्र भैंसोला के अलावा एशियन इंस्टीटयूट आफ टेक्नोलॉजी के प्रशिक्षकों ने जियोग्राफिकल इंफार्मेशन सिस्टम प्रणाली के तहत उत्तराखंड डिजास्टर इंफार्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम में सूचना प्रेषण की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रणाली से राहत एवं बचाव के साथ ही घटना की यथा स्थिति की
सही जानकारी मिलेगी। सिस्टम के माध्यम से सूचना, संकलन, निगरानी, जीवन बचाए जाने को लेकर जानकारी आसानी से मिल सकेगी। कार्यशाला में डा. पीडी माथुर ने कहा कि डिसीजन सिस्टम सपोर्ट आपदा प्रबंधन में बहुत मददगार साबित होगा। कहा कि प्रणाली से खोज, राहत एवं बचाव दलों को घटना स्थल, प्राथमिक उपचार या चिकित्सालयों की स्थिति, एंबुलेंस की स्थिति की भी सही जानकारी मिलेगी। इस अवसर पर एसडीएम सदर योगेश सिंह, एशियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी के प्रशिक्षक सुरेश बेदापुड़ी, अशोक दहल, पंकज कुमार, एसीएमओ डा. एचसीएस मर्तोलिया, आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला आदि मौजूद रहे।