श्रीनगर। आवास विकास मैदान में प्रस्तावित बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। वार्ड संख्या 29 अपर भक्तियाना के निवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पिछले वर्षों की अव्यवस्थाओं का हवाला देते हुए मेले में पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। ज्ञापन में रात दस बजे के बाद साउंड सिस्टम बंद कराने, एनएच-58 के आसपास बेतरतीब पार्किंग रोकने और झूलों के फिटनेस प्रमाणपत्र व बीमा की जांच के बाद ही संचालन की अनुमति देने की मांग की गई।
विज्ञापन
लोगों का कहना है कि देर रात तक तेज आवाज से आसपास के आवासीय भवनों में रहने वाले परिवारों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने पिछले वर्ष मेले में हुई चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं का जिक्र करते हुए पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। इसके अलावा बाहरी दुकानदारों का सत्यापन कराने, ठेकेदार का नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने आदि की मांग की गई। मांग करने वालों में सूरज दत्त किमोठी सहित पृथ्वी सिंह बिष्ट, राजेश रावत, अनिल डोभाल, बाबूराम नौटियाल, ललित मोहन नैथानी, रघुनंदन चमोली, अरुणा, पुष्पा, सुषमा आदि शामिल हैं। संवाद